*उन्नाव में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जेसीबी जब्त, 10 ट्रकों का चालान*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने माइंस इंस्पेक्टर प्रांजुल सिंह के नेतृत्व में कई क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की।
सदर, पुरवा, बीघापुर, हसनगंज, सफीपुर और परियर मार्ग सहित विभिन्न इलाकों में खनिज परिवहन से जुड़े वाहनों और दस्तावेजों की जांच की गई।
अभियान के दौरान पुरवा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन को मौके से पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद मशीन को संबंधित थाने को सौंप दिया गया।
वहीं गिट्टी और मोरम के अवैध परिवहन में शामिल 10 ट्रकों का चालान किया गया, जबकि एक ट्रक को दही थाने में सीज कर दिया गया।
खनन विभाग के अनुसार कई वाहनों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इस कार्रवाई से करीब 8 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और खनिज परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




