*उन्नाव जिला अस्पताल पहुंचीं अपर्णा यादव, अल्ट्रासाउंड में देरी पर जताई नाराजगी*
पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो
राज्य महिला आयोग की सदस्य अपर्णा यादव ने गुरुवार को उन्नाव जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को 15 से 20 दिन बाद की तारीख दिए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपर्णा यादव ने कहा कि अल्ट्रासाउंड में देरी की शिकायतें पहले भी मिली थीं और इस संबंध में पहले भी निर्देश जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि मरीजों को मजबूरी में निजी केंद्रों पर न जाना पड़े, इसके लिए मामले की जांच भी कराई गई थी।
उन्होंने माना कि जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव अधिक है, जबकि अल्ट्रासाउंड मशीनों और विशेषज्ञों की संख्या कम है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन को अतिरिक्त मशीन और सोनोग्राफर उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने अस्पताल में हुए सुधार कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार अस्पताल की प्रकाश व्यवस्था बेहतर मिली और शौचालयों में मरम्मत कार्य तेजी से होता दिखाई दिया।
इस दौरान उन्होंने महिला चौपाल कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और महिलाओं से खुलकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बिना किसी डर और सामाजिक दबाव के अपनी बात कहने का अवसर मिलना चाहिए।
निरीक्षण के समय स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अपर्णा यादव ने भरोसा दिलाया कि महिला स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।




