*अस्पताल आने वाले गरीबों को कब मिलेगा पानी? जिलाधिकारी से पाइपलाइन बिछाने की गुहार*
*फ्री दवाई लेने वाले मरीजों को पीना पड़ रहा पानी, बीस रुपए का*
नितेश प्रताप सिंह (ब्यूरो इटावा)
इटावा। मोतीझील चौराहा स्थित पीडब्ल्यूडी ऑफिस से श्री खाटू श्याम इंटरप्राइजेज तक पाइपलाइन न होने से क्षेत्र के व्यापारियों और अस्पताल आने वाले तीमारदारों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ‘जय जवान जय किसान लोक शक्ति संगठन’ के जिलाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या के जल्द निस्तारण की मांग की है।
दवाई तो मुफ्त, पर पानी के लिए जेब ढीली कर रहे गरीब,
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि पीडब्ल्यूडी ऑफिस के समीप ही डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल स्थित है। यहाँ दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को सरकारी अस्पताल से दवाइयां तो मिल जाती हैं, लेकिन पीने के पानी के लिए उन्हें बाजार से बोतलें खरीदनी पड़ती हैं। यह एक गंभीर समस्या है जिसे प्रशासन द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है।
नगर पालिका ने नाप ली, पर जल निगम सुस्त
बृजेश मिश्रा ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार अवगत कराया गया है। इसी क्रम में
11 जुलाई 2025 को नगर पालिका परिषद इटावा ने 570 मीटर पाइपलाइन की आवश्यकता को चिन्हित कर फाइल जल निगम को भेज दी थी। कई बार अखबारों में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बावजूद जल निगम की कार्यप्रणाली कछुआ गति से चल रही है।
*नपाई होने के महीनों बाद भी अभी तक पाइपलाइन डालने का काम शुरू नहीं हो सका है।*
आम आदमी की परेशानी दूर करने की मांग
संगठन ने जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त मार्ग पर अविलंब पाइपलाइन बिछवाई जाए और पानी के कनेक्शन दिए जाएं। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो संगठन आम जनता के हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर होगा। “पीडब्ल्यूडी ऑफिस से खाटू श्याम इंटरप्राइजेज तक व्यापारी और मरीज हर दिन परेशान होते हैं। जल निगम की लापरवाही के कारण जनता प्यासी है।” — बृजेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष (इटावा)
वहीं ज्ञापन देने वालों में
जिला सचिव आशीष कुमार, विधिप्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष लक्ष्मण यादव एडवोकेट,अनवर जिला सदस्य,जीतू यादव सदस्य,अमित कुमार शहर उपाध्यक्ष,मोनू सदस्य,राज कुमार एडवोकेट कोष अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।




