*केडीए उपाध्यक्ष के कार्यकाल में 1 अरब से ज्यादा की जमीन मुक्त, ई-फाइलिंग की शुरुआत*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर:कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल के दो साल दो माह के कार्यकाल में प्राधिकरण ने कई बड़े कदम उठाए। इस दौरान भूमाफियाओं के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए एक अरब रुपये से अधिक मूल्य की जमीन कब्जे से मुक्त कराई गई। अवैध कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी रही, जिससे शहर में जमीनों को लेकर सख्ती का संदेश गया।
प्राधिकरण की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। शमन, प्लॉट और फ्लैटों की बिक्री के जरिए केडीए की आमदनी लगभग दोगुनी हो गई। पिछले वित्तीय वर्ष में प्राधिकरण को 1100 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस कार्यकाल में पहली बार शासन ने केडीए की 715 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को एक साथ मंजूरी दी, जिसमें से करीब 150 करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं के तहत मैनावती मार्ग चौड़ीकरण, बैराज राज्य मार्ग से जोड़ने के लिए दो कनेक्टिंग रोड और बॉटेनिकल गार्डन के विकास जैसे कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा, 28 वर्षों से लंबित न्यू कानपुर सिटी योजना को भी गति दी गई, जिसमें 125 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू कराए गए हैं।
हालांकि, उपलब्धियों के बावजूद प्राधिकरण में भ्रष्टाचार और दलाली पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग सका। इसके बावजूद उपाध्यक्ष ने सख्ती दिखाते हुए चार कर्मचारियों को निलंबित किया और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए ई-फाइलिंग सिस्टम की शुरुआत की।




