*कानपुर में उद्यमिता का बढ़ता दायरा, महिलाओं की भागीदारी में बड़ा उछाल*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर में उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में तेजी से विस्तार देखने को मिल रहा है। उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में शहर में कुल 35,627 नए उद्यम पंजीकृत हुए हैं, जिससे कुल उद्यमों की संख्या बढ़कर 1,73,798 पहुंच गई है।
सबसे खास बात यह रही कि इस दौरान महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। ट्रेडिंग, सेवा और उत्पादन क्षेत्रों में कुल 10,705 महिला उद्यमियों ने अपने उद्यम पंजीकृत कराए। इनमें ट्रेडिंग सेक्टर में 4,900, उत्पादन में 3,049 और सेवा क्षेत्र में 2,756 महिलाओं ने कदम रखा।
ट्रेडिंग सेक्टर बना सबसे लोकप्रिय
वित्तीय वर्ष 2025-26 में ट्रेडिंग क्षेत्र में 16,569 उद्यम पंजीकृत हुए, जो तीनों क्षेत्रों में सबसे अधिक है। इसके बाद उत्पादन क्षेत्र में 9,619 और सेवा क्षेत्र में 9,439 पंजीकरण हुए।
ट्रेडिंग में हार्डवेयर, फैब्रिकेशन, कृषि आधारित उत्पाद (चावल, आलू, मक्का से स्टार्च), सिल्क, प्रिंटिंग और ट्रांसपोर्ट जैसे व्यवसाय प्रमुख रहे।
सेवा और उत्पादन में भी विविधता
सेवा क्षेत्र में कैटरिंग, मिल्क और आइसक्रीम पाउडर, टैक्स कंसल्टेंसी, ट्रैवल और फर्नीचर से जुड़े व्यवसायों का पंजीकरण हुआ। वहीं उत्पादन क्षेत्र में भी छोटे और मध्यम स्तर की इकाइयों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
साल-दर-साल बढ़ता ग्राफ
शहर में उद्यम पंजीकरण का आंकड़ा लगातार बढ़ता रहा है:
2020-21: 10,976
2021-22: 18,756
2022-23: 27,180
2023-24: 41,226
2024-25: 40,033
2025-26: 35,627
हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन कुल संख्या में लगातार वृद्धि शहर में बढ़ती उद्यमशीलता को दर्शाती है।
बदलता रुझान
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि होजरी से जुड़े कई उद्यमी उत्पादन छोड़कर ट्रेडिंग की ओर रुख कर रहे हैं, जबकि होजरी एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत शामिल है।
सरकारी योजनाओं का असर
उपायुक्त उद्योग के अनुसार राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं, खासकर सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित कर रही हैं।
कुल मिलाकर, कानपुर में उद्यमिता का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और इसमें महिलाओं की बढ़ती भागीदारी शहर की आर्थिक मजबूती का संकेत दे रही है।




