*20 लाख की लागत से बनेगा अहिल्याबाई होलकर पार्क, भूमि पूजन संपन्न।*
नितेश प्रताप सिंह (ब्यूरो इटावा)
उदी/इटावा। बढपुरा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पुरा मंशाराम में रविवार को अहिल्याबाई होलकर पार्क के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पार्क करीब 20 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के जिलापंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में सपा विधायक भर्थना राघवेंद्र गौतम, सपा सांसद जितेंद्र दोहरे, सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू, वीरभान उर्फ वीरु भदौरिया, शामिल रहे,वही क्षेत्रीय लोगों में पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव यादव,प्रधान नीरज यादव ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र यादव, शिल्पू भदौरिया आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सदस्य दौलत सिंह बघेल के सौजन्य से किया गया। भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई और पार्क निर्माण कार्य के शुभारंभ की घोषणा की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर के नाम पर बनने वाला यह पार्क क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात होगा। इससे जहां लोगों को एक सुंदर और स्वच्छ वातावरण मिलेगा, वहीं बच्चों और युवाओं के लिए भी यह एक बेहतर सार्वजनिक स्थल साबित होगा।
जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही और आश्वासन दिया कि निर्धारित समय में पार्क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय लोगों की भी अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली।




