कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर नवजात बच्ची मिली, हालत स्थिर
डिस्ट्रिक हेड: राहुल द्विवेदी
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के पास लाल चादर में लिपटी एक नवजात बच्ची मिलने से हड़कंप मच गया। गश्त के दौरान रेलवे स्टाफ की नजर बच्ची पर पड़ी तो तुरंत मेडिकल टीम को बुलाया गया। जांच में उसकी सांसें चलती मिलीं, जिसके बाद आरपीएफ को सूचना देकर बच्ची को तुरंत हैलट अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में बच्ची को एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची प्री-मेच्योर है और प्राथमिक जांच में प्रतीत होता है कि जन्म के तुरंत बाद ही उसे स्टेशन पर छोड़ दिया गया।
महिला पर शक, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
वेंडरों ने बताया कि एक महिला पुल से उतरकर प्लेटफॉर्म पर आई और बच्ची को बेंच के पास जमीन पर लिटाकर करीब दस मिनट तक वहीं खड़ी रही। इसके बाद वह वहां से चली गई। यात्रियों से पूछताछ में बच्ची के परिजनों का पता नहीं चल सका।
रेलवे के सीएमआई विनय अम्भी के अनुसार, सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित मधुराज हॉस्पिटल के ईएमआर कर्मियों को बुलाया गया। स्टाफ की रीना शर्मा, नफीस अहमद और कमर्शियल विभाग के शंभू शाह मौके पर पहुंचे। नर्स ने जांच में बच्ची की धड़कन सामान्य पाई, जिसके बाद तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि आसपास कई निजी अस्पताल हैं। आशंका है कि किसी निजी अस्पताल में जन्म के बाद बच्ची को यहां छोड़ा गया। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, हालांकि अब तक किसी महिला का स्पष्ट फुटेज सामने नहीं आया है।
समय रहते मिली मदद, बची जान
रेलवे स्टाफ की तत्परता से बच्ची को समय पर इलाज मिल सका। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है और लगातार निगरानी में रखा गया है। मामले की जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को स्टेशन पर छोड़ने वाली महिला कौन थी।




