बिठूर में दो शादियों का खुलासा, युवक हिरासत में
डिस्ट्रिक हेड: राहुल द्विवेदी
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक द्वारा प्रेमिका से झूठ बोलकर दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। राज खुलने पर दोनों पत्नियों ने हंगामा करते हुए थाने में अलग-अलग तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
आर्य समाज मंदिर में रचाई थी दूसरी शादी
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज के मुताबिक परगही निवासी फैक्टरी कर्मी सौरभ की पहली पत्नी और दो बच्चे हैं। इसी दौरान उसका एक युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने 23 फरवरी को प्रेमिका से आर्य समाज मंदिर में चोरी-छिपे शादी कर ली।
पहली पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा
बुधवार शाम पहली पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो वह मंधना स्थित एक मकान पर पहुंची, जहां सौरभ दूसरी पत्नी के साथ रुका था। मौके पर जमकर हंगामा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सभी को थाने ले आई।
दोनों पत्नियों ने दी तहरीर
पहली पत्नी ने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया, वहीं दूसरी पत्नी ने गुमराह कर शादी करने और शारीरिक संबंध बनाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इंस्पेक्टर के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




