सचेंडी में दर्दनाक हादसा: पीएसआईटी कैंपस में जेसीबी से टकराकर छात्र की मौत
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित PSIT College of Higher Education कैंपस में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बीसीए फाइनल ईयर के छात्र प्रखर सिंह (21) की बाइक धूल के गुबार के कारण खड़ी जेसीबी से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल छात्र की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
धूल के गुबार में नहीं दिखी खड़ी जेसीबी
जानकारी के मुताबिक, कैंपस में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार के गुजरने से भारी मात्रा में धूल उड़ गई। छुट्टी के समय शाम करीब पांच बजे घर लौट रहे दबौली निवासी खाद कारोबारी प्रभाकर सिंह के बेटे प्रखर सिंह को सामने खड़ी जेसीबी दिखाई नहीं दी और उनकी बाइक सीधे उससे जा टकराई।
साथियों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल प्रखर को तत्काल Regency Hospital पहुंचाया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन रात करीब दो बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप—प्रबंधन की लापरवाही
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और न ही जेसीबी के आसपास कोई चेतावनी संकेत लगाए गए थे।
पुलिस की कार्रवाई
सचेंडी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से कॉलेज परिसर में शोक की लहर है। छात्र के साथ पढ़ने वाले साथी भी घटना से स्तब्ध हैं।




