*गंगाघाट श्री सांवरिया परिवार सेवा समिति द्वारा फाल्गुन निशान यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब।*
शुक्लागंज। फाल्गुन निशान यात्रा में पूरा नगर श्याममय हो उठा, जब श्री सांवरिया परिवार सेवा समिति के तत्वावधान में गोपीनाथपुरम से भव्य फाल्गुन निशान यात्रा निकाली गई। राजधानी मार्ग और पोनी रोड होते हुए यह अलौकिक यात्रा श्रीनगर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां विशाल भंडारे के साथ भक्तिमय समापन हुआ। पीले वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं की टोलियां हाथों में सजे-धजे निशान लिए भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। बाबा श्याम के सुसज्जित रथ को भक्त अपने हाथों से खींचते हुए चल रहे थे। “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” और “श्याम नाम की धूम मची है” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। हर ओर गुलाल, फूलों की वर्षा और श्याम भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली। महिलाएं, पुरुष, बच्चे—सभी श्याम रंग में रंगे नजर आए। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्वितीय संगम दिखाई दे रहा था। पूरा मार्ग मानो श्याम दरबार में परिवर्तित हो गया हो। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल भी पूरे समय तैनात रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। आयोजकों ने बताया कि यह पावन निशान यात्रा प्रतिवर्ष फाल्गुन माह में निकाली जाती है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। अंत में मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा श्याम का आशीर्वाद लिया। श्रद्धा, भक्ति और एकता का यह अद्भुत संगम देर तक नगरवासियों के हृदय में श्याम रस घोलता रहा।।
*रमन शर्मा गंगाघाट संवाददाता*




