मोतीझील में शिवाजी जयंती पर छात्रशक्ति का शक्ति प्रदर्शन, दुग्धाभिषेक कर गूंजे ‘जय भवानी’ के नारे,
कानपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर बुधवार को मोतीझील परिसर भगवामय नजर आया। छात्रशक्ति कानपुर विश्वविद्यालय के कार्यकर्ताओं ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘जय भवानी-जय शिवाजी’ के गगनभेदी नारों से माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रतिमा स्थल पर पहले विधि-विधान से दुग्धाभिषेक किया गया, इसके बाद माल्यार्पण कर महाराज के शौर्य और पराक्रम को याद किया गया।
छात्र नेताओं ने भरी हुंकार
छात्र नेता अनस साहू ने कहा, “शिवाजी महाराज ने शून्य से साम्राज्य खड़ा किया था। छात्रशक्ति भी उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र और विश्वविद्यालय के गौरव को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।”
वहीं पुष्पांशु सिंह ने कहा, “अत्याचार के खिलाफ खड़े होना ही सच्ची छात्रशक्ति है। शिवाजी महाराज का जीवन हमें संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा का संदेश देता है।”
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अमन यादव, गौरांग पांडेय, शुभम सिंह, आर्यन ठाकुर, युवराज ठाकुर, आर्यन शुक्ला, अभिनव श्रीवास्तव, संजय सिंह, देव राय, विष्णुपाल, अमन वाजपेयी, आकर्षण यादव, अभिषेक यादव समेत छात्रशक्ति के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में सभी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के बताए मार्ग पर चलने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।




