निजी स्वार्थ के लिए खंभा शिफ्ट करने का वीडियो वायरल, केस्को अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।
कानपुर के बर्रा-2 क्षेत्र स्थित नई बस्ती से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पूरी तरह ठीक-ठाक बिजली के खंभे को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। यह मामला गोविंद नगर सब-स्टेशन अंतर्गत केस्को से जुड़ा बताया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में निर्माणाधीन एक मकान का साइज करीब तीन फुट अधिक हो जाने के कारण बिजली का खंभा बाधा बन रहा था। इसी निजी स्वार्थ के चलते कथित तौर पर मकान मालिक और केस्को के अधिकारियों की मिलीभगत से खंभे को हटवाकर दूसरी जगह लगवाया गया।
आरोप है कि निचले स्तर के कर्मचारियों ने अधिकारियों के संरक्षण में विभागीय एवं सरकारी धन का गलत तरीके से दुरुपयोग किया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि खंभा बिल्कुल सही स्थिति में था, इसके बावजूद उसे जबरन हटाया गया, जैसा कि वायरल वीडियो में स्पष्ट नजर आता है।
स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई है कि जिस स्थान पर खंभा अब लगाया जा रहा है, वहां सड़क की चौड़ाई पहले से कम हो जाएगी। इससे आने वाले समय में गली से गुजरने वाले चारपहिया वाहनों को मोड़ने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है और आम जनमानस की परेशानी बढ़ेगी।
मामले को लेकर मीडिया द्वारा गोविंद नगर सब-स्टेशन के जेई अमित कुमार से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया। आरोप है कि उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए केवल इतना कहा कि “विभाग का काम है, विभाग से हो रहा है।” सवाल पूछने पर मीडिया प्रतिनिधि से अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। इस बातचीत का ऑडियो सामने आने की बात कही जा रही है।
फिलहाल यह पूरा मामला गोविंद नगर सब-स्टेशन, नई बस्ती, बर्रा-2 का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




