*उन्नाव में 55 वर्षीय बुजुर्ग ने घर के आंगन में लगाई फांसी, बेटा दवा लेने गया था बाहर*
उन्नाव। शहर के कंचन नगर-बी इलाके में सोमवार दोपहर एक बुजुर्ग ने अपने ही घर के आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान लवकुश (55) पुत्र छोटेलाल, निवासी कंचन नगर-बी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लवकुश निजी नौकरी करते थे। उनका बड़ा बेटा सुशील हैदराबाद में काम करता है, जबकि छोटा बेटा सुनील घर पर रहकर बढ़ई का काम करता है।
परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर सुनील अपनी पत्नी के साथ दवा लेने बाहर गया था। उस समय लवकुश घर पर अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने आंगन में लगे लोहे के जाल में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद जब सुनील घर लौटा तो उसने पिता को फंदे से लटका देखा। यह देख उसने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया गया कि घटना के समय मृतक की पत्नी कमलेश घर पर मौजूद नहीं थीं। वह कानपुर में अपनी बहन मिथिलेश से मिलने गई थीं, जिनकी तबीयत खराब बताई जा रही है।
परिजनों का कहना है कि लवकुश पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। उनके खिलाफ मारपीट से जुड़ा एक मुकदमा भी चल रहा था, जिसको लेकर वह परेशान रहते थे।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




