*जर्नलिस्ट प्रेस क्लब एसो0 ने पुलवामा हमले में शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि।*
पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो
उन्नाव। वर्ष 2019 में हुए पुलवामा अटैक में शहीद हुए भारत माँ के वीर सपूतों की स्मृति में गंगाघाट स्थित सैनिक चौक पर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में एक भावहीन एवं गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकार साथियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अमर जवानों के प्रति अपनी कृतज्ञता और सम्मान प्रकट किया। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन से की गई। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। इसके पश्चात शहीद जवानों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा दीप प्रज्वलित कर उनकी पुण्य स्मृति को आदरपूर्वक याद किया गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पुलवामा का कायराना आतंकी हमला देश के इतिहास का एक अत्यंत दुखद और पीड़ादायक अध्याय है। किंतु हमारे वीर जवानों का साहस, शौर्य और बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए पूरा राष्ट्र सदैव एकजुट खड़ा है। कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों से सैनिक चौक देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हरिओम गुप्ता सहित संदीप पांडे, पंकज श्रीवास्तव,सूरज, विजय, अश्विनी, दीपक, हंजला, सुमित, नवल, धर्मेंद्र, रमन, सुमन, दानिश, राजेश, , अर्जुन, अर्जित एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




