*उन्नाव हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन से टकराई तेज रफ्तार वैन,8 घायल; 2 गंभीर*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि करीब 1 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवाबगंज पक्षी विहार के सामने तेज रफ्तार मारुति सुजुकी ओमनी वैन आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही अजगैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और वैन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में वैन सवार कुल 8 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें से 6 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 2 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल उन्नाव रेफर किया गया। वहां से हालत नाजुक देखते हुए दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, वैन ग्राम भत्ताबा से बारात लेकर वापस उन्नाव लौट रही थी। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि वैन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




