स्टंटबाजी के विरोध पर मां-बेटी समेत पांच पर ब्लेड से हमला, चेहरे पर आए 15 टांके; मुख्य आरोपी गिरफ्तार
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर के किदवईनगर इलाके में ऑटो से स्टंटबाजी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। दबंगों ने मां-बेटी सहित पांच लोगों पर ब्लेड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आदिल खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना का विवरण
किदवईनगर एन ब्लॉक कच्ची बस्ती निवासी रानी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम वह अपनी बड़ी बहन राधा, छोटी बहन प्रीति, प्रीति के पति गौरव और बेटी पलक के साथ बाजार जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से स्टंटबाजी करता ऑटो गली में निकला और आगे जाकर पलट गया। ऑटो आदिल खान चला रहा था, उसके साथ जीशान और दो अज्ञात युवक सवार थे।
स्टंटबाजी पर टोका गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। विरोध बढ़ने पर आदिल ने ब्लेड से हमला कर दिया।
घायलों की स्थिति
रानी के चेहरे पर 15 टांके
प्रीति के गाल पर 10 टांके
पलक की कलाई में ब्लेड से चोट
राधा और गौरव भी घायल
पीड़िता का आरोप है कि हमलावर नशे में धुत थे।
पुलिस कार्रवाई
किदवईनगर थाना ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आदिल खान को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम के अनुसार आरोपियों पर हत्या के प्रयास, अपमानित करने और जानबूझकर चोट पहुंचाने की धाराएं लगाई गई हैं। फरार आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने क्षेत्र में स्टंटबाजी और नशाखोरी पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




