सोनिक स्टेशन हादसा
*उन्नाव में ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौतः सोनिक स्टेशन पर ट्रैक्टर उतारते समय हुआ हादसा*
उन्नाव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। माखी थाना क्षेत्र के कुटरा गांव निवासी 21 वर्षीय युवक विशाल की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे सोनिक रेलवे स्टेशन पर हुआ।
परिजनों के मुताबिक, विशाल संदीप और नीरज नाम के ठेकेदारों के साथ काम करता था। शनिवार सुबह वह सोनिक स्टेशन पर ट्रैक्टर उतारने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि विशाल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विशाल अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसरा है, माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का लग रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और रेलवे अधिकारियों से भी जानकारी ली जा रही है।।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




