कानपुर में अखिलेश का तीखा हमला: बोले– भाजपा ने शहर को ‘बदनामपुर’ बना दिया, बिजली-उद्योग से लेकर लैंबॉर्गिनी केस तक सरकार को घेरा
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने Kanpur को ‘बदनामपुर’ बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर आज विकास नहीं, बल्कि कार पलटने, पुलिस-वकील गुटबाजी और एनकाउंटर की सुर्खियों के कारण पहचाना जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जाम की समस्या को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के दावे खोखले हैं, हालात ऐसे हैं कि कानपुर का नाम ‘जामपुर सिटी’ रख देना चाहिए। प्रशासन को जाम दिखाई नहीं देता, मानो सबको मोतियाबिंद हो गया हो।
लाल इमली, गंगा और प्रशासनिक टकराव का मुद्दा
सपा प्रमुख ने ब्राह्मण मां-बेटी की झोपड़ी जलाने की घटना, सीएमओ द्वारा डीएम के विरोध में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस और वर्षों से बंद पड़ी लाल इमली मिल का मुद्दा उठाया। उन्होंने गंगा सफाई पर तंज कसते हुए कहा कि जहां कभी सेल्फी ली गई थी, वहीं आज भ्रष्टाचार के काले नाले गिर रहे हैं।
बिजली और उद्योग पर सवाल
पनकी बिजली प्लांट का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर यह ठीक से चलता, तो कानपुर की बिजली समस्या काफी हद तक सुलझ सकती थी। उन्होंने कहा कि शहर में उद्योग और निवेश की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण निवेशक हतोत्साहित हो रहे हैं। ट्रांसगंगा सिटी को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार में रिवर फ्रंट लखनऊ से भी बेहतर बनेगा और लाल इमली फिर से गुलजार होगी।
लैंबॉर्गिनी केस, चुनाव और एसआईआर पर तंज
कानपुर के चर्चित लैंबॉर्गिनी मामले पर कटाक्ष करते हुए बोले— “हथेली गरम, पुलिस नरम।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बड़ी कंपनियों के जरिए चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट कटवाने की कोशिश की है। एसआईआर प्रक्रिया को गलत बताते हुए सवाल किया कि एसआईआर के बाद भी फार्म-7 देने का क्या औचित्य है?
डिफेंस कॉरिडोर, शिक्षा और चीन पर बयान
बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि वहां अगर कोई सुतली बम भी बन रहा हो तो सरकार बताए। ‘मेक इन इंडिया’ पर निशाना साधते हुए उन्होंने विदेश से हवाई जहाज खरीदने के टेंडर का मुद्दा उठाया। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा की बदहाल स्थिति पर भी सरकार को घेरा।
ग्रीन पार्क और बजट पर हमला
ग्रीन पार्क स्टेडियम में मैचों की संख्या का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा शासन और मौजूदा सरकार की तुलना की। चीन के बाजार और जमीन कब्जे के सवाल पर भी भाजपा से जवाब मांगा। अंत में उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था समझने में असफल रही है और मौजूदा बजट किसानों को कमजोर करने वाला है।
अखिलेश यादव ने ‘पीडीए’ (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) की ताकत से सरकार बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है।




