*उन्नाव में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान शुरू: डीएम ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में किया उद्घाटन*
उन्नाव में बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में इसका उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृति राज भी उपस्थित रहीं। अभियान की औपचारिक शुरुआत छात्राओं को कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर की गई।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डालता है, जिससे कुपोषण, कमजोरी और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डीएम ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को यह दवा अवश्य दें और किसी भी प्रकार की गलतफहमी से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार दी जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने जानकारी दी कि यह अभियान जिलेभर के सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से चलाया जा रहा है। इसके तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को कृमि मुक्ति की दवा दी जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के आपसी समन्वय पर जोर दिया ताकि अभियान को सफल बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को लाभान्वित किया जा सके।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। शिक्षकों ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व, नियमित हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने और खुले में शौच न करने जैसे कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्कूल की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में डीएम और सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले का कोई भी बच्चा कृमि संक्रमण से पीड़ित न रहे।।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*




