*उन्नाव के करोवन मोड़ पर दीवार ढही,हादसे में दो लोग घायल, अस्पताल में भर्ती*
उन्नाव जनपद के करोवन मोड़ के पास एक पक्की दीवार अचानक ढह गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है।
घायलों की पहचान राम बाबू और दिलीप के रूप में हुई है। घटना के समय ये दोनों मौके पर मौजूद थे। दीवार गिरने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायलों की हालत फिलहाल अब ठीक है और उनका उपचार जारी है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गिरी हुई दीवार काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। उनका आरोप है कि इस संबंध में पहले भी संबंधित विभाग से शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि दीवार की मरम्मत करा दी जाती या उसे गिरा दिया जाता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवनों और दीवारों को चिन्हित कर समय पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




