*उन्नाव पी.डी. नगर में दो विकास कार्यों का लोकार्पण,अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन किया*
उन्नाव में नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयासों के तहत गुरुवार को पी.डी. नगर क्षेत्र में विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। वार्ड संख्या 18 में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने नवनिर्मित नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन कर इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
पहले चरण में, पी.डी. नगर स्थित पॉवर हाउस के सामने दुर्गेश ट्रेडिंग से सौरभ पटेल के आवास तक बनी नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण हुआ। इस निर्माण से क्षेत्र की जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा, साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में भी काफी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस मार्ग के सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे नगर पालिका परिषद ने पूरा कर जनता को राहत दी है।
दूसरे चरण में, वार्ड संख्या 18 के अंतर्गत अन्नू सिंह के आवास से आशु सिंह के आवास होते हुए चौहान ट्रेडर्स तक नवनिर्मित नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन किया गया। यह मार्ग जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और यातायात को सुचारु बनाने में सहायक होगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने नगर में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए नगर पालिका परिषद और अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका लगातार काम कर रही है।
अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्य इसी तरह जारी रहेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात के लिए बधाई दी और नगर के समग्र विकास में सहयोग बनाए रखने की अपील की।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




