कानपुर में एसआईआर अभियान निर्णायक चरण में, 31 जनवरी को सभी बूथों पर बूथ डे
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। जनपद में नो-मैपिंग के तहत चिह्नित 2,07,661 मतदाताओं में से अब तक 1.70 लाख से अधिक को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 34,462 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष मामलों में 27 फरवरी तक दस्तावेज प्रस्तुत करने और पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।
प्रशासन ने पहली सुनवाई में अनुपस्थित रहने वाले मतदाताओं को भी एक और मौका दिया है। स्वयं उपस्थित न हो पाने की स्थिति में परिवार के किसी सदस्य को प्रतिनिधि के रूप में भेजने की अनुमति दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 31 जनवरी को जनपद के सभी 3,770 मतदान केंद्रों पर बूथ डे आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ मौके पर मौजूद रहेंगे और नाम जोड़ने, संशोधन व त्रुटि सुधार से संबंधित फॉर्म भरे जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर सर्वे पूरा कर लिया गया है। प्रतिदिन औसतन 100 मामलों की सुनवाई की जा रही है। लगभग 26 लाख मतदाताओं को सम्मिलित करते हुए 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
अब तक करीब 1.25 लाख फॉर्म-6 और 40 हजार से अधिक फॉर्म-8 प्राप्त हो चुके हैं। जन्म तिथि के आधार पर दस्तावेजों की अनिवार्यता तय की गई है।
1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे आवेदकों को स्वयं के अभिलेख
1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे आवेदकों को स्वयं के साथ माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज
2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों को माता-पिता दोनों के अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे
पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर नकल, भूमि या मकान आवंटन पत्र, पेंशन भुगतान आदेश सहित कुल 13 प्रकार के अभिलेख मान्य किए गए हैं।




