*गंगाघाट देवारा कलां में खड़ी अर्टिगा कार से टकराई बाइक, युवक गंभीर घायल 112 टीम ने पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।*
जनपद उन्नाव गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवारा कलां गांव की पुरानी बाजार के पास एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां खड़ी अर्टिगा कार में तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में घायल युवक की पहचान संदीप गौतम (33 वर्ष) पुत्र राजाराम निवासी पिंडोखा के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की बहन बबीता ने बताया कि संदीप घर से किसी काम के लिए निकले थे। वह अभी घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि देवारा कलां पुरानी बाजार के पास सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार में उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। इसके बाद घायल संदीप गौतम को सरकारी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही घायल युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




