एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक का हमला, युवती गंभीर घायल
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
नजीराबाद थाना क्षेत्र के भदौरिया चौराहे के पास बुधवार को एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने 24 वर्षीय युवती पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवती के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की, लेकिन वह मौका पाकर फरार हो गया।
परिजनों की सूचना पर नजीराबाद इंस्पेक्टर राजकेसर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवती को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सर्जिकल ब्लेड बरामद कर लिया है।
परिजनों के अनुसार, उनके घर के पास स्थित एक एल्युमिनियम कारखाने में पिछले दो वर्षों से गोलू नाम का युवक काम करता था। इसी दौरान वह अक्सर मदद के बहाने घर आने-जाने लगा। युवती का आरोप है कि बुधवार शाम आरोपी ने उसे रेस्टोरेंट चलकर खाना खाने का प्रस्ताव दिया। नशे की हालत में होने के कारण युवती ने उसे घर जाने को कहा, जिससे नाराज़ होकर उसने जेब से सर्जिकल ब्लेड निकालकर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उसकी तलाश की जा रही है। बताया गया है कि घायल युवती की आगामी 7 फरवरी को शादी तय है।




