अपहरण व हत्या के मामले में दो अभियुक्त गिरफ्तार
थाना सजेती पुलिस की कार्रवाई, न्यायालय में किया जाएगा पेश

डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर नगर के थाना सजेती क्षेत्र में दर्ज अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर नियमानुसार थाने में दाखिल किया गया है। उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, कानपुर नगर एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिण के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर के पर्यवेक्षण में थाना सजेती पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपांकर उर्फ सुमित पुत्र सत्यनारायण (उम्र लगभग 24 वर्ष) तथा कपिल उर्फ अमित परिहार पुत्र नोरंग सिंह (उम्र लगभग 25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कोटर, थाना सजेती, कानपुर नगर शामिल हैं। आरोप है कि दोनों अभियुक्त अपहरण के बाद हत्या की घटना में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सजेती में मु.अ.सं. 07/26, धारा 103(1)/238(ग)/140(1)/190/191(2)/191(3)/61(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री दीपेन्द्रनाथ चौधरी ने बताया कि थाना सजेती पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




