यूपी बार काउंसिल चुनाव: बैरिकेडिंग के बीच अधिवक्ता डाल रहे वोट, कचहरी की सड़कों पर भीषण जाम
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक जारी है। मतदान को लेकर कचहरी परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है, वहीं बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन के चलते सड़कों पर भारी जाम की स्थिति बनी हुई है।
न्यायिक अधिकारियों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया सुबह से ही शुरू हो गई। न्यायालय भवन के भूतल पर स्थित मतदान केंद्र पर अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शताब्दी द्वार से न्यायालय भवन तक सख्त बैरिकेडिंग की गई है, जिससे होकर ही मतदाता मतदान स्थल तक पहुंच रहे हैं। मतदान के बाद अधिवक्ताओं के बाहर निकलने के लिए न्यायालय भवन के पीछे हनुमान मंदिर के पास स्थित द्वार निर्धारित किया गया है।
चुनाव को लेकर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ स्पेशल फोर्स और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तैनात की गई है। कचहरी आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर लगभग 100 मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग कर कटिंग बंद कर दी गई है।
प्रदेश भर में कुल 333 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि कानपुर नगर से 26 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रत्याशियों द्वारा कचहरी के आसपास कैंप लगाए जाने और यातायात प्रतिबंधों के कारण क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम नागरिकों और अधिवक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।




