देश की आन-बान-शान, हमारा तिरंगा
77वें गणतंत्र दिवस पर अपराध शाखा में हुआ भव्य ध्वजारोहण, DCP क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने दिलाई संविधान की शपथ

डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपराध शाखा कार्यालय में देशभक्ति और अनुशासन से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त अपराध श्री श्रवण कुमार सिंह द्वारा पूरे सम्मान और गरिमा के साथ ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहरते ही परिसर भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस उपायुक्त अपराध ने उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी कर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए जनमानस की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में श्री श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि संविधान ही देश की आत्मा है और पुलिस बल का कर्तव्य है कि वह संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करते हुए आम नागरिक को सुरक्षा और न्याय प्रदान करे। उन्होंने कहा कि अपराध शाखा समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अहम कड़ी है और पुलिसकर्मियों को पूरी ईमानदारी व संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से जुड़े संदेशों ने सभी में नया जोश और उत्साह भर दिया। समारोह में अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ मौजूद रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
अंत में सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र सेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया गया।
जय हिंद!




