लखनऊ में बम की सूचना के बाद कानपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, सघन चेकिंग अभियान
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट में बम की सूचना के बाद कानपुर एयरपोर्ट पर रविवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सीआईएसएफ ने एयरपोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बाहर से आने वाले यात्रियों की गाड़ियों की भी जांच की गई, जबकि सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
एयरपोर्ट पर प्रवेश करने वाले सभी यात्रियों को कड़ी सुरक्षा जांच से होकर गुजरना पड़ा। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन एयरपोर्ट परिसर में गश्त बढ़ा दी है।
दरअसल, रविवार सुबह दिल्ली से बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी। इस पर विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया गया कि एक यात्री को नैपकिन पर लिखी बम की सूचना मिली थी, जिसके बाद उसने क्रू मेंबर्स को जानकारी दी।
फ्लाइट में सवार 230 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जांच की गई। किसी भी तरह की अनहोनी न हो, इसे देखते हुए कानपुर एयरपोर्ट पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और कानपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।




