*उन्नाव पुरवा कोतवाली क्षेत्र में स्टेडियम के भीतर करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखने से अफरा-तफरी
*
उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव स्थित स्टेडियम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेल रहे बच्चों के बीच अचानक एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि स्टेडियम में करीब एक दर्जन बच्चे खेल रहे थे, तभी उन्हें लगभग 8 फीट लंबा अजगर नजर आया।
अजगर को देखते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और सभी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बच्चों ने तुरंत नौगवां गांव निवासी एक बंगाली व्यक्ति को इसकी सूचना दी, जिसने मौके पर पहुंचकर साहस दिखाते हुए अजगर को काबू में किया। अजगर को पकड़कर गांव की ओर लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को अलर्ट किया गया। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम ने पहुंचकर अजगर को अपने कब्जे में लिया और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ा जाएगा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बच्चा या ग्रामीण घायल नहीं हुआ, लेकिन स्टेडियम में अजगर निकलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




