कटिया से जल रही तीसरी आंख को केस्को ने किया अंधा
वैध कनेक्शन न होने पर 149 स्थानों के CCTV कैमरों की सप्लाई कटी
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर।शहर की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की ‘तीसरी आंख’ कमिश्नरी पुलिस की लापरवाही के चलते कमजोर पड़ गई है। 497 चौराहों और तिराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में से 149 स्थानों के कैमरे बंद हो गए हैं। कारण यह है कि ये कैमरे कटिया डालकर स्ट्रीट लाइट से चलाए जा रहे थे, जिस पर कार्रवाई करते हुए केस्को ने बिजली आपूर्ति काट दी।
कमिश्नरी पुलिस ने बीते दो वर्षों में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और मुख्य मार्गों पर करीब 1800 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। ये कैमरे सामाजिक संस्थाओं, कंपनियों और प्रतिष्ठानों के सहयोग से स्थापित किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, इन कैमरों की मदद से अब तक 1241 मामलों—जिनमें गुमशुदगी, चोरी, लूट, हत्या और छिनैती शामिल हैं—का खुलासा किया जा चुका है। इसके अलावा ट्रैफिक नियंत्रण में भी इनकी अहम भूमिका रही है।
बताया जा रहा है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह और नए साल की शुरुआत में केस्को ने अभियान चलाया, जिसमें कटिया के जरिए चल रहे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी सामने आई। इसके बाद 149 स्थानों पर बिजली कनेक्शन काट दिए गए। नए साल में पुलिस, क्राइम ब्रांच और ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई जांच में कैमरे बंद पाए गए, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई।
अब कमिश्नरी पुलिस ने नगर निगम से वैध बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए पत्राचार किया है और दोबारा सप्लाई जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्मार्ट सिटी के 11 स्थानों के कैमरे भी बंद
नगर निगम के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जुड़े 160 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी करते हैं। इनमें से 11 स्थानों के कैमरे मेट्रो निर्माण व अन्य कारणों से बंद बताए जा रहे हैं। ये कैमरे ऑपरेशन त्रिनेत्र से अलग हैं।
1.20 लाख कैमरे घर-घर योजना में
ऑपरेशन त्रिनेत्र के नोडल अधिकारी एसीपी चित्रांशु गौतम के अनुसार, शहर में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 1800 और ऑपरेशन घर-घर के अंतर्गत करीब 1.20 लाख सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। स्मार्ट सिटी के 497 स्थानों के कैमरों को भी जल्द ऑनलाइन किए जाने की तैयारी है।
अधिकारियों के बयान
आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) ने बताया,
“कई चौराहों और तिराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के पावर कनेक्शन हटने की जानकारी मिली है। नगर निगम को पत्र लिखा गया है। जल्द ही कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे।”
वहीं सैमुअल पॉल एन, एमडी केस्को ने कहा,
“सीसीटीवी कैमरे इलेक्ट्रॉनिक मोड पर चलते हैं, इनका लोड ज्यादा नहीं होता। कनेक्शन कटने की जानकारी नहीं थी। नगर निगम से जानकारी कराई जाएगी।”




