*जेल तोड़कर फरार हुआ था, अब गोली खाकर गिरा… कन्नौज जेलकांड का शातिर डंपी मुठभेड़ में ढेर होते-होते बचा*
*डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी*
कन्नौज। जिला कारागार कन्नौज से फरारी के बाद 13 दिनों तक पुलिस को खुली चुनौती देने वाला शातिर अपराधी डंपी उर्फ शिवा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रविवार को पुलिस और बदमाश के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में डंपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल हालत में उसे पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस पर झोंक दी गोलियां, जवाब में लगी गोली
पांच जनवरी को कन्नौज जेल की सुरक्षा को ध्वस्त कर फरार हुआ डंपी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी बदमाश कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र में छिपा है।
मुरादगंज क्रॉसिंग से तिर्वा रोड जाने वाले रास्ते पर तारा बगिया के पास पुलिस ने जैसे ही घेराबंदी की, खुद को घिरा देख डंपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सीधे उसके पैर में लगी और फरारी का खेल यहीं खत्म हो गया।
अस्पताल छावनी में तब्दील
घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक डंपी की हालत स्थिर है।
जेल से फरारी ने मचाया था हड़कंप
जेल से फरारी के बाद पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की साख से जुड़ गई थी। अब पुलिस यह भी खंगाल रही है कि फरारी के दौरान डंपी को किन लोगों ने पनाह दी।
अवैध असलहा बरामद, साथी की तलाश जारी
पुलिस ने डंपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उसके फरार साथी अंकित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।




