जरीब चौकी पुल निर्माण की तैयारी तेज, हटने लगे ट्रैफिक सिग्नल… दो दिन में शुरू होगी खोदाई
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। जरीब चौकी पर प्रस्तावित चार लेन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने पुल निर्माण के लिए क्षेत्र में लगे ट्रैफिक सिग्नल हटाने शुरू कर दिए हैं। वहीं जलकल विभाग द्वारा पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए दो दिन के भीतर खोदाई शुरू की जाएगी।
सेतु निगम की ओर से संबंधित विभागों को यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए रिमाइंडर भी भेज दिया गया है। यह पुल शहर का पहला ऐसा चार लेन रेलवे ओवर ब्रिज होगा, जिसके चारों ओर रैंप बनाए जाएंगे।
चार दिशाओं में उतरेंगे रैंप
प्रस्तावित पुल के दो रैंप जीटी रोड पर, एक कालपी रोड और चौथा घंटाघर रोड की ओर उतरेगा। कुल 1700 मीटर लंबाई वाला यह पुल लगभग 320 करोड़ रुपये की लागत से ढाई साल में तैयार किया जाएगा।
हिंगवेज कंस्ट्रक्शन को मिला ठेका
सेतु निगम ने पुल निर्माण का ठेका ऋषिकेश स्थित हिंगवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया है। यह कंपनी वर्तमान में आउटर रिंग रोड के पैकेज-3 के तहत रमईपुर से रूमा होते हुए गंगा पुल सहित उन्नाव के आटा तक निर्माण कार्य कर रही है।
मिट्टी परीक्षण शुरू, यूटिलिटी शिफ्टिंग की तैयारी
ठेकेदार कंपनी ने पुल निर्माण के लिए चिह्नित स्थलों पर मिट्टी का परीक्षण शुरू कर दिया है। जलकल विभाग ने भी पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए खुदाई की तैयारी कर ली है।
सेतु निगम के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार सेन ने बताया कि सीयूजीएल, केस्को, नगर निगम, जल निगम और बीएसएनएल को यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए रिमाइंडर भेजा गया है। हालांकि कालपी रोड की ओर अभी जमीन का कब्जा नहीं मिल पाया है। जैसे ही जमीन उपलब्ध होगी, पुल का मुख्य निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा




