तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से दो साइकिल सवारों की मौत, चालक घायल… हैलट में भर्ती
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र के सुजातगंज में रविवार तड़के तेज रफ्तार इनोवा कार ने दो साइकिल सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों साइकिल सवारों की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में कार चालक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज हैलट अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार श्यामनगर निवासी इम्तियाज रविवार सुबह इनोवा कार से श्यामनगर रोड से सुजातगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से गुजर रहे साइकिल सवार प्रशांत झा और शैलेश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने प्रशांत और शैलेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल चालक इम्तियाज का हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कई वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त
थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि अनियंत्रित कार की चपेट में एक अन्य कार, एक ई-रिक्शा, एक लोडर और दो साइकिल भी आ गईं, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि उस समय इन वाहनों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
नशे में गाड़ी चलाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस के अनुसार जब दुर्घटनाग्रस्त कार के दरवाजे खोले गए तो वाहन से शराब जैसी तेज बदबू आ रही थी। चालक के मुंह से भी शराब की दुर्गंध महसूस की गई। मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




