कानपुर में डिप्टी सीएम के करीबी पर जानलेवा हमला, अब तक ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ की कार्रवाई नहीं
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के करीबी माने जाने वाले आर्या कुशवाहा पर बीती रात जानलेवा हमला किए जाने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई बड़ी या सख्त कार्रवाई सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने आर्या कुशवाहा पर जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही प्रदेश में चर्चित ऑपरेशन लंगड़ा के तहत कोई कार्रवाई की गई है।
प्रदेश सरकार द्वारा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के दावों के बीच यह घटना कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है। खासतौर पर तब, जब मामला सीधे तौर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से जुड़े व्यक्ति से संबंधित बताया जा रहा है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ओबीसी समाज से आने वाले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इस मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर पाते हैं या नहीं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




