भूमाफिया गजेंद्र सिंह नेगी पर ठगी के दो नए मामले दर्ज, 40 लाख रुपये हड़पने का आरोप
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर।जेल में बंद भूमाफिया गजेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ धोखाधड़ी के दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। रावतपुर थाने में दर्ज इन मामलों में शास्त्रीनगर निवासी दो लोगों से फ्लैट और भूखंड देने के नाम पर कुल 40 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फ्लैट के नाम पर 19 लाख रुपये की ठगी
शास्त्रीनगर निवासी वरुण सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2012 में गजेंद्र सिंह नेगी ने केशवपुरम में प्लॉट आवंटित कराने के नाम पर उनसे दो लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये चेक के माध्यम से लिए। इसके बाद वर्ष 2017 में बिल्डिंग निर्माण और फ्लैट देने के बहाने 15 लाख रुपये और वसूल लिए गए। इस तरह कुल 19 लाख रुपये लेने के बावजूद निर्माण पूरा होने के बाद भी नेगी ने फ्लैट की रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया और लगातार टालमटोल करता रहा।
भूखंड के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी
इसी तरह, शास्त्रीनगर निवासी राजकुमारी ने अपनी शिकायत में बताया कि 22 जुलाई 2017 को उन्होंने केशवपुरम में 200 वर्ग फीट का आवासीय भूखंड 21 लाख रुपये में खरीदा था। भुगतान बैंक ट्रांसफर और चेक के माध्यम से कई किस्तों में किया गया। सौदे के लिए 100 रुपये के स्टांप पर नोटरी भी कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद गजेंद्र सिंह नेगी ने न तो भूखंड की रजिस्ट्री कराई और न ही धनराशि वापस की। बार-बार मांग करने पर भी वह टालता रहा।
एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि आरोपी गजेंद्र सिंह नेगी पहले से ही जेल में बंद है। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।




