एनटीपीसी के रिटायर्ड जीएम के प्लाट पर कब्जा, चार पर रिपोर्ट
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।रावतपुर के विनायकपुर इलाके में एनटीपीसी के रिटायर्ड जनरल मैनेजर के प्लाट पर देखरेख करने वाले द्वारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। प्लाट खाली कराने पर आरोपियों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के जानकीपुरम निवासी संजय दुबे 31 दिसंबर 2025 को एनटीपीसी से जीएम पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में उन्होंने रावतपुर विनायकपुर इंद्रपुरी में एक भूखंड खरीदा था। प्लाट की देखरेख की जिम्मेदारी उन्होंने एक निजी स्कूल के बस चालक शिवशंकर सिंह को दी थी।
संजय दुबे के अनुसार, अप्रैल 2025 में रिटायरमेंट से पहले जब उन्होंने शिवशंकर से प्लाट खाली करने को कहा, तो वह टालमटोल करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान शातिर ने प्लाट के फर्जी दस्तावेज भी तैयार करा लिए।
पीड़ित का आरोप है कि 11 सितंबर को जब उन्होंने दोबारा प्लाट खाली करने के लिए कहा, तो शिवशंकर, उसकी पत्नी विनीता, तथा उसके साथी अभिषेक कुशवाहा और राकेश कुशवाहा ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए उन्हें मौके से भगा दिया।
इस संबंध में रावतपुर थाना में चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रावतपुर इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।




