एसीपी कार्यालय के पूर्व सफाईकर्मी की ईंट से सिर कूंचकर हत्या, खाली प्लॉट में खून से लथपथ मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। एसीपी कार्यालय के पूर्व सफाईकर्मी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का सिर ईंट-पत्थर से कूंचा गया, जिसके बाद उसका शव बारासिरोही स्थित एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ फेंक दिया गया। इलाज के दौरान हैलट अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नानकारी इलाके की है। नानकारी प्रधान गेट निवासी रामवीर के छह बेटों में पांचवें नंबर का बेटा सोनू सिंह (30) मंगलवार शाम करीब छह बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोनू पूर्व में छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय स्थित एसीपी कल्याणपुर कार्यालय में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था, हालांकि बीते छह माह से वह काम पर नहीं जा रहा था।
बुधवार सुबह मोहल्ले के बच्चे पास के खाली प्लॉट के पास क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद प्लॉट में चली गई। जब बच्चे गेंद उठाने अंदर पहुंचे तो उन्होंने सोनू को खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां घटनास्थल के पास खून से सनी ईंट और कुछ कपड़े पड़े मिले। सोनू के सिर और कान से खून बह रहा था।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सोनू को आनन-फानन में हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां बुधवार रात इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ला ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार की पुरानी रंजिश से इनकार किया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में हुए किसी विवाद के दौरान यह घटना हुई हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




