1300 किमी की राष्ट्रवाद साइकिल यात्रा पहुंची कानपुर, महाराजपुर पुलिस ने दिया सुरक्षा प्रोटोकॉल
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। एनसीसी कैडेट्स और सेना के जवानों द्वारा निकाली गई 1300 किलोमीटर लंबी राष्ट्रवाद साइकिल यात्रा गुरुवार को कानपुर पहुंची। बिरसा मुंडा के संदेश और राष्ट्रभक्ति की भावना को लेकर यह यात्रा 28 दिसंबर 2025 को रांची से प्रारंभ हुई थी, जो 16 जनवरी 2026 को नई दिल्ली पहुंचकर संपन्न होगी।
रांची से नई दिल्ली के लिए निकला यह साइकिल दल गुरुवार को महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर–फतेहपुर सीमा पर पहुंचा। यहां महाराजपुर पुलिस ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यात्रा को सुरक्षित रूप से थाना क्षेत्र से गुजरवाया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एम्बुलेंस भी साथ चल रही थी।
लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ऐतिहासिक साइकिल यात्रा में एनसीसी कैडेट्स और सेना के जवान शामिल हैं। यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रवाद, एकता और महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के संघर्ष व बलिदान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
आयोजकों के अनुसार, इस यात्रा से युवाओं में साहस, अनुशासन और एकजुटता की भावना को बल मिलेगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति भी जागरूकता फैलाई जा रही है। यह साइकिल यात्रा न केवल देशभक्ति का संदेश दे रही है, बल्कि बेहतर मानव जीवन और सशक्त समाज निर्माण की दिशा में भी प्रेरणास्रोत बन रही है।




