विवाद में बीच-बचाव करने आए भाई और मां पर फायरिंग, ई-रिक्शा की हेडलाइट में लगी गोली; जांच में जुटी पुलिस
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के ताड़बगिया इलाके में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे विवाहिता के भाई और मां पर ससुराल पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली ई-रिक्शा की हेडलाइट में जा लगी, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, उन्नाव के अखलाक नगर निवासी मोहर्रम अली उर्फ राजू ने अपनी बहन का विवाह चार वर्ष पूर्व ताड़बगिया निवासी गोलू से किया था। गोलू मुंबई में नौकरी करता है, जबकि उसके परिजन कथित तौर पर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। मंगलवार सुबह भी विवाहिता के साथ मारपीट की गई, जिसकी सूचना मिलने पर राजू अपनी मां सहदुन निशां के साथ ससुराल पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद जब मायके पक्ष के लोग घर लौट रहे थे, तभी नकाबपोश युवकों ने राजू को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उसे न लगकर पास खड़े ई-रिक्शा की हेडलाइट में जा लगी। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पाकर जाजमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मायके और ससुराल पक्ष के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलने की पुष्टि हुई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।




