कानपुर-सागर मार्ग पर कोहरे का कहर, ट्रक-डीसीएम की भीषण भिड़ंत; चालक की मौत
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पतारा चौकी के पास बरनाव मोड़ पर मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर-सागर मार्ग पर आमने-सामने से आ रहे ट्रक और डीसीएम की जोरदार टक्कर में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे कोहरा इतना घना था कि सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान दिनेश कुमार (निवासी पतारा) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए कानपुर-सागर मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया।




