अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी।
कानपुर। कानपुर नगर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, लैपटॉप और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त अपराध के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत गिरोह द्वारा महिलाओं को डिजिटल माध्यमों से फंसाकर ठगी करने का खुलासा हुआ है। आरोपी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें झांसे में लेते थे और फिर डिजिटल वॉलेट, बैंक खातों व यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से बड़ी रकम हड़प लेते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा अब तक लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की गई है। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को कई खातों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रांसफर कर उसका स्रोत छिपाया जाता था। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना चकेरी में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
तकनीकी सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर 30 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में गिरोह के तार उत्तर प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




