नववर्ष पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 31 दिसंबर व 1 जनवरी को बदला रहेगा रूट

डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी।
कानपुर।नववर्ष-2026 के अवसर पर बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस कानपुर नगर द्वारा 31 दिसंबर 2025 एवं 1 जनवरी 2026 को विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था 31 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से रात 2 बजे तक तथा 1 जनवरी को प्रातः 10 बजे से रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार जेड स्क्वायर, बड़ा चौराहा, इटावा मंदिर, गंगा बैराज एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मेस्टन तिराहा, चेतना चौराहा, नवीन मार्केट, परेड, कोतवाली चौराहा सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा।
इस्कॉन मंदिर, मुथुरा आश्रम एवं ब्लू वर्ल्ड की ओर जाने वाले मध्यम व भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। इसी प्रकार गंगा बैराज की ओर किसी भी भारी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गंगा बैराज के आसपास सड़क पर वाहन खड़े करने और स्ट्रीट वेंडिंग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गंगा बैराज आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कमला नगर, जाजमऊ एवं कोठारी चौराहा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करना होगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन न ले जाएं तथा किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9305104340) अथवा ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (9305104387) पर संपर्क करें।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि सभी वाहन चालक सड़क पर चल रही एंबुलेंस को प्राथमिकता दें और सुरक्षित व संयमित ढंग से वाहन चलाएं, जिससे नववर्ष का स्वागत सुरक्षित वातावरण में किया जा सके।




