कानपुर: पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले दो गिरफ्तार, 72 घंटे में सर्विलांस टीम को मिली बड़ी सफलता
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी।
कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटों के भीतर उन आरोपियों को दबोच लिया है, जिन्होंने पुलिस बल पर जानलेवा हमला किया था। थाना कोहना पुलिस और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने गंगा बैराज पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को कार से कुचलने का प्रयास किया था।
*क्या थी घटना?*
बीती 23 दिसंबर 2025 को गंगा बैराज मार्ग पर थाना कोहना पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हुंडई ऑरा (AURA) कार वहां पहुंची। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। लापरवाही से वाहन चलाते हुए आरोपी ने पुलिस बैरियर में जोरदार टक्कर मारी, जिसकी चपेट में आने से मौके पर तैनात पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गए थे। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
*तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद*
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित टीमों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना कोहना में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध मु0अ0सं0 124/25 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं (281, 125(3), 125(4), 324(4)) में मुकदमा दर्ज किया गया। सर्विलांस प्रभारी लवकुश मिश्रा और आलोक कुमार की टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया।
*घेराबंदी कर बिठूर से हुई गिरफ्तारी*
शुक्रवार को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिठूर क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्याम सुंदर यादव (23) निवासी मथुरा और अभिजीत चतुर्वेदी (22) निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। वाहन का असली नंबर UP 96 S 5129 है, जो चित्रकूट जनपद में पंजीकृत है।
*सराहनीय कार्य करने वाली टीम*
इस त्वरित सफलता में प्रभारी निरीक्षक कोहना प्रतीक सिंह, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और अंकित बाजपेई की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के अपराधियों में दहशत का माहौल है। अधिकारियों ने टीम के उत्साहवर्धन हेतु उचित पुरस्कार की भी घोषणा की है।




