*कानपुर:•कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे पर बनी वेब सीरीज ‘यूपी 77’ रिलीज, दिल्ली हाईकोर्ट ने रोक से किया इनकार••!!*
परिवार की बदनामी और निजी जीवन के चित्रण को लेकर याचिका खारिज, प्रोड्यूसर ने पब्लिक डोमेन की जानकारी पर आधारित होने की दी दलील*
कानपुर के बिकरू गांव निवासी कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के जीवन पर आधारित वेब सीरीज ‘यूपी 77’ आज रिलीज हो गई। सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने किसी भी तरह की रोक लगाने से इनकार कर दिया है।*
याचिका विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे की ओर से दाखिल की गई थी। याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत में दलील दी कि वेब सीरीज से उनके परिवार की बदनामी होगी। साथ ही यह भी कहा गया कि सीरीज में विकास दुबे की शादीशुदा और निजी जिंदगी को परिवार की अनुमति के बिना दिखाया गया है, जो गलत है।*
इस पर सीरीज के प्रोड्यूसर की ओर से अदालत को बताया गया कि फिल्म में दिखाई गई सभी जानकारियां पब्लिक डोमेन में उपलब्ध तथ्यों पर आधारित हैं। प्रोड्यूसर ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर डिस्क्लेमर को और स्पष्ट किया जाएगा।*
गौरतलब है कि गैंगस्टर विकास दुबे 10 जुलाई 2020 को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। उस पर एक डिप्टी एसपी समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप था। कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दबिश के दौरान विकास दुबे और उसके गैंग ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दी थी।*
घटना के बाद विकास दुबे कई दिनों तक फरार रहा और बाद में उसे उज्जैन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उज्जैन से कानपुर लाते समय उसकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद उसने भौती इलाके में भागने की कोशिश की और इसी दौरान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।*
अदालत के फैसले के बाद अब वेब सीरीज ‘यूपी 77’ दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
डिस्ट्रिक हेड।
राहुल द्विवेदी की रिपोर्ट




