*उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 4 की मौत, डिवाइडर तोड़कर रौंदते हुए पलटी अर्टिगा*
एंकर – ख़बर उन्नाव से है जहां लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 257.500 से 258 के बीच थाना बेहटा मुजावर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने यूपीडा (यूपी एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के चार कर्मचारियों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि चारों कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
बता दे कि जानकारी के अनुसार, यूपीडा के कर्मचारी नियमित गश्त और निरीक्षण के लिए एक्सप्रेसवे पर मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व यूपीडा के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ संतोष सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं मृत कर्मचारियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया और जाम खुलवाया। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन चीख-पुकार करते हुए अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन चालक की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही मृत कर्मचारियों के परिवारों को यूपीडा प्रबंधन की ओर से आवश्यक सहयोग और सहायता दिलाने की बात कही गई है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




