*उन्नाव में सांड का आतंक, खेत जाते समय किसान पर हमला, मौके पर मौत, आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग*
टाइम्स एंड स्पेस
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के शब्बा खेड़ा गांव में एक आवारा सांड ने किसान की जान ले ली। मंगलवार सुबह राकेश (45) अपने खेत की ओर जा रहे थे। गांव के बाहर सड़क किनारे एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड की टक्कर से राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने राकेश को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और दो बेटे हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य स्रोत खेती है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। पशुओं से फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों ने आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग की है। स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक मदद और उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




