जालौन: झांसी-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बैंक मैनेजर की मौत।
डिस्ट्रिक हेड
रिपोर्ट: शैलेन्द्र सिंह तोमर
एट (जालौन)। झांसी-कानपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बंधन बैंक के मैनेजर की मौत हो गई। हादसा एट कोतवाली क्षेत्र में हुआ, जहां समथर (झांसी) निवासी अभिषेक व्यास (31) को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक व्यास बाइक से उरई एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर एट क्षेत्र के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और अभिषेक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अभिषेक वर्तमान में बबीना स्थित बंधन बैंक शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
बंधन बैंक में उनके सहकर्मियों और परिजनों ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।




