*समयबद्धता एवं गुणवत्ता से निस्तारण किया जाए समाधान दिवस की प्राप्त शिकायतों का : डीएम*
बांदा। जिलाधिकारी बाँदा श्रीमती जे. रीभा की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्धता एवं गुणवत्ता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने मौके पर 05 शिकायतों का निस्तारण सम्बन्धित अधिकारियों से कराया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विद्युत , राजस्व , पुलिस , विकास , आपूर्ति विभाग एवं अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें प्राप्त हुई, कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अवशेष जन शिकायतों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारित किया जाए, इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नही की जायेगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने लोगों की जनसमस्याओं को सुनते हुए एक वृद्ध दिव्यांग को पेंशन एवं आवासहीन होने पर आवास दिलाये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी ने ग्राम छेहरांव एवं ग्राम पल्हरी के व्यक्तियों द्वारा खतौनी में नाम संशोधन किये जाने के प्रार्थना पत्र पर उप जिलाधिकारी सदर को नाम शुद्धीकरण कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने एक आवासहीन महिला के द्वारा आवास दिलाये जाने के प्रार्थना पत्र पर परियोजना अधिकारी डूडा को आवास दिलाये जाने हेतु कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम लडाकापुरवा के एक व्यक्ति द्वारा आपसी भूमि विवाद होने पर अवैध कब्जा को हटाये जाने की शिकायत पर सम्बन्धित लेखपाल को मौके पर जाकर दोनो पक्षों के समक्ष जांच कर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जमालपुर के एक व्यक्ति द्वारा उसके मकान पर कब्जा किये जाने की समस्या पर कोतवाली देहात के एसएचओ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम सैमरी में आवास सर्वे हेतु शिकायत प्राप्त होने पर जांच हेतु टीम बनाकर मौके पर जांच कर कार्यवाही किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस विभाग से सम्बन्धित समस्याओं को सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सदर में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, उप जिलाधिकारी सदर अमित शुक्ला, डीएफओ अरबिन्द कुमार, जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, तहसीलदार सदर सहित सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन




