20 फुट के गड्ढे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, नरमुंड की माला पहन जिलाध्यक्ष ने किया सत्याग्रह
कानपुर नगर,कानपुर की बदहाल और जानलेवा सड़कों के खिलाफ आज कांग्रेसजनों ने चमनगंज में सड़क पर बने लगभग 20 फुट गहरे गड्ढे के पास जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार और जिम्मेदार विभागों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कानपुर महानगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने प्रतीकात्मक नरमुंडों की माला पहनकर सत्याग्रह किया।भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई।कांग्रेस जनों ने कहा कि पूरे शहर का यही हाल है।यह गढ्ढा तो एक छोटा सा उदाहरण है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर की सड़कें जगह-जगह टूट चुकी हैं और बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। टूटी, खूनी और गड्ढेदार सड़कों के कारण कानपुर की जनता का जीवन नर्क बन गया है। आए दिन राहगीर, दोपहिया वाहन चालक और आम नागरिक इन जानलेवा गड्ढों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और सरकार आंखें बंद किए बैठे हैं।सोचिये इस रोड पर इतना बड़ा गड्ढा हो गया,यह कानपुर के लोगों के साथ मजाक है।
जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कानपुर की सड़कें ‘मौत की सड़कें’ बन चुकी हैं। 20 फुट का गड्ढा किसी सड़क की सामान्य खराबी नहीं, बल्कि व्यवस्था की घोर विफलता और जनता की जान से खिलवाड़ का प्रमाण है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल सभी जर्जर सड़कों और जानलेवा गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कांग्रेसजन और व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।




