*सैन्य सम्मान के साथ हुआ वायु सेना कर्मी संचित गुप्ता का अंतिम संस्कार*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । रूरा निवासी वायु सेना कर्मी संचित गुप्ता का अंतिम संस्कार शिवराजपुर क्षेत्र के खेरेश्वर सरैया घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति और शोक में डूबा रहा। बताते चलें कि संचित गुप्ता का बीमारी के कारण बैंगलोर हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली थी जिन्हें वायुसेना के विमान द्वारा कानपुर लाया गया था जहां से उनका पार्थिव शरीर रूरा पहुंचा था।
वायु सेना कर्मी का पार्थिव शरीर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे में लिपटा हुआ था। वायु सेना की टुकड़ी ने पूरे सम्मान के साथ शव को घाट तक पहुंचाया।
अंतिम संस्कार के दौरान वायु सेना की टुकड़ी द्वारा मृतक कर्मी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जवानों ने सम्मान और शोक प्रकट करने के लिए अपनी बंदूकें नीचे की ओर झुकाईं।
दाह संस्कार से पहले बिगुल वादक द्वारा ‘लास्ट पोस्ट’ की धुन बजाई गई, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। इसके बाद वायु सेना की टुकड़ी ने हवा में गोलियां चलाकर अंतिम सलामी दी।
वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा परिजनों को सौंपा गया।
सैन्य सम्मान की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कर्मी के व्यक्तिगत धर्म और परिवार की इच्छा के अनुसार दाह संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन, जनप्रतिनिधि और वायु सेना के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी।




